![]()
उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी)-2026 के पहले ही दिन बदायूं में दो फर्जी परीक्षार्थी पकड़े गए। इनमें से एक अभ्यर्थी फर्जी आधार कार्ड के साथ परीक्षा देने पहुंचा था, जबकि दूसरे ने अपने दोस्त के स्थान पर परीक्षा देने का प्रयास किया। पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग थानों में मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहला मामला शहर के राजाराम महिला इंटर कॉलेज, टिकटगंज स्थित परीक्षा केंद्र का है। प्रथम पाली की परीक्षा समाप्त होने के बाद आयोग को एटा निवासी विवेक कुमार पर संदेह हुआ। दस्तावेजों की जांच कर रही एजेंसी ने जब उसके अभिलेखों का सत्यापन किया, तो उसका आधार कार्ड फर्जी पाया गया। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। दूसरा मामला राजकीय कन्या इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र से संबंधित है। द्वितीय पाली में बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान एक अभ्यर्थी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पूछताछ में उसने अपनी पहचान फिरोजाबाद निवासी सोनवीर के रूप में बताई और स्वीकार किया कि वह अपने दोस्त अमन का आधार कार्ड लेकर उसकी जगह परीक्षा देने आया था। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने सोनवीर के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर लिया है। टीईटी जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में एक ही दिन दो फर्जीवाड़े सामने आने से परीक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए हैं। हालांकि, बायोमेट्रिक सत्यापन और दस्तावेजों की गहन जांच के कारण दोनों आरोपियों को समय रहते पकड़ लिया गया। पुलिस दोनों मामलों में यह भी जांच कर रही है कि फर्जी दस्तावेज तैयार करने या दूसरे की जगह परीक्षा दिलाने के पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है।
Source link
बदायूं में टीईटी परीक्षा में दो फर्जी अभ्यर्थी पकड़े:एक फर्जी आधार कार्ड से, दूसरा दोस्त की जगह दे रहा था एग्जाम