सरयू नदी खतरे के निशान के करीब:मऊ में प्रशासन और पुलिस अलर्ट, पीएसी तैनात; तटवर्ती गांवों में चला जागरूकता अभियान


मऊ में सरयू (घाघरा) नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। नदी का जलस्तर बढ़ने से तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। संभावित बाढ़ से निपटने के लिए जिला प्रशासन, सिंचाई विभाग और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट हैं। पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने बताया कि जिले में घाघरा नदी से दो थाना क्षेत्र दोहरीघाट और मधुबन प्रभावित होते हैं। इन दोनों इलाकों में नदी का जलस्तर खतरे के निशान के आसपास है, जिसे देखते हुए सभी जरूरी तैयारियां कर ली गई हैं। एसपी ने यह भी बताया कि जिला प्रशासन, सिंचाई विभाग और पुलिस की बाढ़ चौकियां लगातार अलर्ट पर हैं। नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है और बचाव कार्यों के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस और प्रशासन की टीमें गांवों में जाकर लोगों को जागरूक कर रही हैं। नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर लगातार सतर्क किया जा रहा है। तटवर्ती गांवों के लोगों से भी अलर्ट रहने की अपील की जा रही है। एसपी कमलेश बहादुर ने जानकारी दी कि राहत और बचाव के लिए पीएसी की टीम भी जरूरी सामान के साथ तैनात की गई है। दोहरीघाट क्षेत्र में पीएसी के जवान सभी जरूरी इक्विपमेंट के साथ मौजूद हैं। जरूरत पड़ने पर उनकी टीम को संबंधित जगहों पर तुरंत भेजा जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर राहत और बचाव काम तेज किया जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *