बड़ी चोरी का खुलासा, 5 शातिर चोर गिरफ्तार:10 लाख के जेवर, नकदी, तमंचे और कार बरामद, चेकिंग के दौरान एसओजी ने दबोचा


सीतापुर में पुलिस ने मछरेहटा क्षेत्र में हुई चोरी की बड़ी वारदात का शुक्रवार शाम 5:30 बजे पुलिस लाइन सभागार में खुलासा करते हुए पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गए 10 लाख सोने-चांदी के जेवरात, भारी मात्रा में नकदी, अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस, चोरी में प्रयुक्त औजार तथा घटना में इस्तेमाल की गई कार बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी मिश्रिख बृजेश कुमार के नेतृत्व में थाना मछरेहटा पुलिस व एसओजी टीम ने शुक्रवार तड़के करीब 1:25 बजे परसदा-शुक्लापुर रोड स्थित गोशाला के पीछे घेराबंदी कर सफेद रंग की कार में सवार पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील, लालता, बनवारी, बल्लू और गुड्डू उर्फ खत्रीय के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने 10/11 जून 2026 की रात थाना मछरेहटा के ग्राम भिठौरा में एक मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और बर्तन चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का शत-प्रतिशत माल, करीब 1.98 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के करीब 10 लाख के आभूषण, बर्तन, चोरी में प्रयुक्त सब्बल, रॉड, हथौड़ी तथा दो देशी तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामद कार को भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है। सीओ मिश्रिख ब्रजेश कुमार ने बताया कि पूछताछ में दो आरोपियों ने हरगांव थाना क्षेत्र में एक जनरल स्टोर में हुई चोरी में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार बरामद नकदी का एक हिस्सा उसी वारदात से जुड़ा है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा आयुध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पूर्व से भी लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *