बच्चों को खिड़कियों से बस में बिठाया:हरदोई में रक्षाबंधन पर भीड़, बहनों ने बांधी राखी, भाइयों ने दिया वचन


हरदोई में शुक्रवार को भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने शुभ मुहूर्त में भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी कलाई पर राखी बांधी और दीर्घायु की कामना की। इसके बदले में भाइयों ने बहनों की रक्षा का वचन दिया और उन्हें उपहार भेंट किए। हिंदू धर्म में रक्षाबंधन का विशेष धार्मिक महत्व है। पौराणिक कथाओं के अनुसार, जब भगवान श्रीकृष्ण की उंगली कट गई थी, तब द्रौपदी ने अपनी साड़ी का पल्लू फाड़कर उनकी उंगली पर बांधा था। इसके बदले में श्रीकृष्ण ने चीरहरण के समय द्रौपदी की लाज बचाकर भाई के धर्म का पालन किया था। इसी परंपरा का पालन करते हुए हरदोई के घरों में वैदिक विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। त्यौहार के कारण शहर के मुख्य बाजारों में रौनक रही। मिठाई की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ देखी गई। रोडवेज बस स्टेशन पर भी यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ी। प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के लिए निशुल्क बस यात्रा की सुविधा के कारण बस परिसर में महिलाओं की संख्या अधिक थी। लखनऊ, कानपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज और सीतापुर आदि जगह जाने वाली बसों में सीट पाने के लिए यात्रियों के बीच आपाधापी का माहौल रहा। इससे कुछ समय के लिए परिवहन निगम की व्यवस्थाएं भी प्रभावित हुईं। सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और रोडवेज परिसर में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया था। सीओ सिटी अजीत सिंह ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए रोडवेज परिसर के साथ-साथ शहर के सभी प्रमुख भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल सतर्क रहा। उन्होंने कहा कि यात्रियों और आम जनता की सुरक्षा के लिए लगातार माइक से घोषणाएं कर लोगों को सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *