फिरोजाबाद में सुनार की आंखों में मिर्च झोंक लाखों लूटे:दुकान से लौट रहे सर्राफ को बनाया निशाना, पुलिस जांच में जुटी


फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद में शुक्रवार रात एक सुनार से लाखों रुपये की लूट हो गई। बदमाशों ने सुनार की आंखों में लाल मिर्च झोंककर सोने-चांदी के आभूषणों और नकदी से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए। इस घटना से सर्राफा कारोबारियों में दहशत फैल गई है। जानकारी के अनुसार, शिकोहाबाद थाना क्षेत्र का एक सुनार प्रतिदिन की तरह अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहा था। उसके पास एक बैग था, जिसमें सोने-चांदी के आभूषणों के साथ करीब 1.35 लाख रुपये नकद रखे थे। रास्ते में पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोका। इससे पहले कि सुनार कुछ समझ पाता, बदमाशों ने उसकी आंखों में लाल मिर्च झोंक दी। अचानक हुए इस हमले से सुनार घबरा गया और उसकी आंखों में तेज जलन होने लगी। इसी दौरान बदमाश उसके हाथ से बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश काफी दूर निकल चुके थे। स्थानीय पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और जानकारी जुटाई। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी आदित्य लांग्हे और एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी भी मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए कुल पांच टीमें गठित की गई हैं। व्यापारियों ने शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। एसएसपी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *