फर्रुखाबाद में पैमाइश के विरोध में राजस्व टीम से मारपीट:किसानों ने लेखपाल-कानूनगो को घेरा, कमरे में बंद होकर खुद को बचाया


फर्रुखाबाद में नवाबगंज के नगला जब्ब गांव में गुरुवार को चकबंदी की पैमाइश करने पहुंची राजस्व टीम को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। लेखपाल और कानूनगो के अनुसार, लाठी-डंडे लेकर पहुंचे ग्रामीणों ने टीम को घेर लिया। स्थिति बिगड़ने पर राजस्व कर्मियों ने एक कमरे में खुद को बंद कर लिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और टीम को बाहर निकाला। हालांकि, प्रशासन ने टीम पर हमले की पुष्टि नहीं की है। ग्राम पंचायत बराकेशव के मजरा नगला जब्ब में चकबंदी लेखपाल महिपाल और कानूनगो शिवकुमार खेतों की पैमाइश कर रहे थे। कुछ खेतों की पैमाइश के बाद दोनों एक ग्रामीण के घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान दूसरे मजरे से करीब 30 से 40 महिला-पुरुष वहां पहुंच गए और चकबंदी प्रक्रिया का विरोध करने लगे। ग्रामीणों के हाथों में लाठी-डंडे थे। माहौल बिगड़ने पर टीम के सदस्य घर के एक कमरे में चले गए और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। दो महिलाओं ने बीच-बचाव का प्रयास किया, जिनके साथ भी धक्का-मुक्की की बात सामने आई है। डायल-112 पुलिस के पहुंचने के बाद भी ग्रामीण नारेबाजी करते रहे। स्थिति को देखते हुए थाने से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। पुलिस के पहुंचने पर विरोध कर रहे लोग मौके से चले गए। इसके बाद राजस्व टीम के सदस्यों और दोनों महिलाओं को सीएचसी ले जाकर चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। चकबंदी को लेकर पहले से चल रहा विरोध ग्रामीणों और राजस्व कर्मियों के मुताबिक, चकबंदी प्रक्रिया को लेकर गांव में पहले से विरोध है। कुछ किसानों के पास अभिलेखों में कम जमीन दर्ज है, जबकि वे अधिक भूमि पर खेती कर रहे हैं। पैमाइश के बाद अतिरिक्त जोत वाली जमीन हाथ से निकलने की आशंका के चलते किसान चकबंदी का विरोध कर रहे हैं। एडीएम न्यायिक दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि चकबंदी प्रक्रिया का पहले भी विरोध हो चुका है और इसे लेकर हाईकोर्ट में रिट दाखिल हुई थी। प्रशासन की ओर से कोर्ट में चकबंदी प्रक्रिया पूरी कराने की बात कही गई थी। गुरुवार को पैमाइश के बाद लेखपाल और कानूनगो गांव में एक व्यक्ति के घर बैठे थे, तभी दूसरे मजरे से 30-40 महिला-पुरुष वहां पहुंचकर चकबंदी रोकने की मांग करने लगे। उन्होंने बताया कि टीम ने खुद को कमरे में बंद कर लिया था। यदि किसी राजस्व कर्मी के साथ मारपीट हुई है तो तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *