फर्रुखाबाद में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा:पांचाल घाट पर 7 सीढ़ियां डूबीं, पंडों ने समेटा सामान


फर्रुखाबाद में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। पहाड़ों पर हो रही मूसलाधार बारिश के कारण रविवार शाम 5 बजे गंगा का जलस्तर 136 सेंटीमीटर तक पहुंच गया। इससे पांचाल घाट की सात सीढ़ियां पानी में डूब गई हैं। गंगा में पानी की मात्रा बढ़ने से धार तेज हो गई है। जलस्तर में तेजी से वृद्धि दर्ज की गई है। शनिवार शाम तक पांचाल घाट पर मीटर गेज 135.35 सेमी था, जो रविवार को बढ़कर 136 सेंटीमीटर हो गया। बीते 48 घंटों में जलस्तर में यह तेजी देखी गई है। जलस्तर बढ़ने का मुख्य कारण नरौरा, बिजनौर और हरिद्वार से छोड़ा गया पानी है। शनिवार को नरौरा से 67,201 क्यूसेक, बिजनौर से 59,688 क्यूसेक और हरिद्वार से 53,403 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण पानी किनारों से टकराकर आगे बढ़ रहा है, जिससे गंगा किनारे के खेतों में कटान तेज हो गई है। पांचाल घाट पर स्नान घाटों पर पानी भर जाने से गंगा सेवकों ने अपनी झोपड़ियां और तख्त ऊंचे स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया है। घाट पर मौजूद पंडों ने बताया कि जलस्तर बढ़ने से सात सीढ़ियां डूब गई हैं और पांडव के रखे तख्त तक पानी पहुंच गया है। अधिकांश पंडितों ने अपना सामान सुरक्षित स्थानों पर रख लिया है। इसी बीच, रामगंगा में भी शनिवार शाम को 10,375 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था, जिससे इसके जलस्तर में वृद्धि की संभावना है। हालांकि, रामगंगा का जलस्तर अभी बिलो गेज ही है। पंडा गोपाल ने बताया कि बीते चार दिनों से गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने पुष्टि की कि बढ़ते जलस्तर के कारण अब तक सात सीढ़ियां पानी में समा चुकी हैं। एक अन्य पंडा शोभित ने जानकारी दी कि करीब तीन दिन से गंगा में लगातार पानी बढ़ रहा है और बीते 48 घंटों में इसमें तेजी आई है। उन्होंने बताया कि नीचे रखे तख्त आदि तक पानी पहुंच गया था, जिसके बाद उन्होंने अपना सामान समेटकर ऊपर रख लिया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *