![]()
फतेहपुर के हथगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत छिवलहा चौकी क्षेत्र के गोसाईं की सराय मजरे गौसपुर गांव में सड़क हादसे में घायल 10 वर्षीय बालक की उपचार के दौरान मौत हो गई। बच्चे की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। शुक्रवार को परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर जाम लगा दिया। जानकारी के अनुसार गांव निवासी दीपक सविता का 10 वर्षीय पुत्र विहान 5 मई को नए प्लाट के पास सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार ने पीछे से उसे जोरदार टक्कर मार दी। आरोप है कि बाइक सवार बालक को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। फतेहपुर से कानपुर किया गया था रेफर घटना के बाद परिजन घायल विहान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हथगाम ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल फतेहपुर रेफर कर दिया। वहां से भी स्थिति नाजुक देखते हुए कानपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां 7 मई को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर लगाया जाम बालक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। कानपुर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव गांव पहुंचा तो माहौल गमगीन हो गया। घटना के दूसरे दिन शुक्रवार को परिजनों और ग्रामीणों ने अंतिम संस्कार करने के बजाय सड़क पर जाम लगा दिया। उनका कहना था कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक विरोध जारी रहेगा। मां ने लगाया हत्या का आरोप बालक की मां ने आरोप लगाया कि एक समुदाय विशेष के युवक ने जानबूझकर मोटरसाइकिल चढ़ाकर उसके बेटे की हत्या की है। इस आरोप के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज उत्कर्ष मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं सब इंस्पेक्टर योगेश कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Source link
फतेहपुर में बाइक की टक्कर से बच्चे की मौत:कानपुर मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम, परिजनों ने शव रखकर जाम लगाया