![]()
फतेहपुर में लोक जन स्पेशलिस्ट पार्टी ने गुरुवार को फतेहपुर कलेक्ट्रेट परिसर में राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन ढाई बजे के आस पास जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा। पार्टी ने प्रतापगढ़ जिले में अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र विश्वकर्मा के साथ कथित अभद्र व्यवहार के आरोप में संबंधित थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रदीप विश्वकर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र विश्वकर्मा उत्तर प्रदेश के दौरे पर थे। आरोप है कि 16 अगस्त को वे प्रतापगढ़ के ललिपुर थाना क्षेत्र के मानपुर निवासी सौरभ विश्वकर्मा के पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे थे। सौरभ की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी और राष्ट्रीय अध्यक्ष परिवार को आर्थिक सहायता देने गए थे। जिलाध्यक्ष के अनुसार, गांव के बाहर जेठवारा थाना प्रभारी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ सार्वजनिक स्थान पर कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि थाना प्रभारी ने डॉ. विश्वकर्मा के कंधे से गमछा उतार दिया और उनसे ऊंची आवाज में बात की। इस घटना से पार्टी कार्यकर्ताओं में रोष है। ज्ञापन के माध्यम से पार्टी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जिलाध्यक्ष ने जोर देकर कहा कि किसी जनप्रतिनिधि या राजनीतिक संगठन के पदाधिकारी के साथ सार्वजनिक स्थान पर ऐसा व्यवहार अस्वीकार्य है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। ज्ञापन सौंपते समय पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Source link
फतेहपुर में थाना प्रभारी पर अभद्र व्यवहार का आरोप:लोक जन स्पेशलिस्ट पार्टी ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन