प्रेमी की शादी तय होने पर युवती टावर पर चढ़ी:लखनऊ से आकर 180 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ी, आश्वासन पर उतरी


हरदोई में एक युवती अपने प्रेमी की शादी तय होने से नाराज होकर करीब 180 फीट ऊँचे टावर पर चढ़ गई। यह घटना लोनार थाने से 100 मीटर दूर हुई। पुलिस के समझाने पर भी जब वह नहीं मानी, तो उसके प्रेमी को मौके पर बुलाया गया। प्रेमी द्वारा शादी का आश्वासन मिलने के बाद सोमवार कि देर शाम युवती डेढ़ घंटे बाद टावर से नीचे उतरी। जानकारी के अनुसार, लोनार कोतवाली क्षेत्र के गढ़िया गांव निवासी 22 वर्षीय शैलेंद्र लखनऊ में एक कंपनी में कार्यरत हैं। सीतापुर के मंसूरपुर की रहने वाली 20 वर्षीय रूबी भी वहीं काम करती है। शैलेंद्र पहले दिल्ली में काम करते थे, जहां इंस्टाग्राम के जरिए उनकी दोस्ती रूबी से हुई थी। यह दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम प्रसंग में बदल गई। बाद में शैलेंद्र भी लखनऊ आ गए थे। कुछ समय पहले शैलेंद्र अपने गांव लौटे, जहां उनके परिजनों ने हरियावां थाना क्षेत्र के एक गांव में उनकी शादी तय कर दी। बताया जा रहा है कि शैलेंद्र की शादी 20 जून को होनी है। रूबी को जब शैलेंद्र की शादी की खबर मिली, तो उसने उनसे संपर्क किया। संतोषजनक जवाब न मिलने पर रूबी सोमवार दोपहर अपनी एक सहेली के साथ गढ़िया गांव पहुंची। उसने शैलेंद्र के माता-पिता से उनके बारे में पूछा, लेकिन परिजनों ने बताया कि वह घर पर नहीं हैं। इससे नाराज होकर रूबी लोनार कोतवाली के पास स्थित करीब 180 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गई। वह अपना मोबाइल भी साथ ले गई थी। मौके पर भीड़ और पुलिस बल पहुंच गया। पुलिस ने उसे समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानी। रूबी ने शर्त रखी कि शैलेंद्र को बुलाया जाए और उसे शादी के लिए राजी किया जाए। पुलिस शैलेंद्र को उनके गांव से लेकर आई और मोबाइल पर रूबी से बात कराई। शैलेंद्र ने रूबी से शादी करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद वह टावर से नीचे उतरी। यह घटना शाम 6 बजे शुरू हुई और युवती को शाम 7:30 बजे नीचे उतारा जा सका। कोतवाल सुनील कुमार मिश्रा ने बताया कि दोनों के परिजनों को बुलाकर पूछताछ की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *