प्राकृतिक खेती कार्यशाला का शुभारंभ:गोबर खाद, जैविक संसाधनों से मिलेगा बेहतर मुनाफा


केंद्र सरकार के 12 साल और प्रदेश सरकार के 9 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में एक प्राकृतिक खेती कार्यशाला एवं जन जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इसके तहत कृषि सूचना तंत्र सुदृढ़ीकरण एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत दो दिवसीय जनपद स्तरीय खरीफ गोष्ठी एवं प्रदर्शनी नगर पालिका कम्युनिटी हॉल में मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित क्षेत्रीय महामंत्री गोरखपुर सुनील गुप्ता ने किसानों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पूर्व में किसान जैविक एवं प्राकृतिक खेती अपनाते थे, जिससे भूमि की उर्वरा शक्ति और पर्यावरण संतुलन बना रहता था। उन्होंने वर्तमान में रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से खेती और मानव स्वास्थ्य दोनों पर पड़ रहे नकारात्मक प्रभावों पर चिंता व्यक्त की। गुप्ता ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। कृषि वैज्ञानिक डॉ. हर्षवर्धन सिंह ने भी प्राकृतिक खेती के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने यूरिया एवं डीएपी जैसे रासायनिक उर्वरकों का संतुलित एवं आवश्यकतानुसार ही प्रयोग करने की सलाह दी। डॉ. सिंह ने खेतों में अधिक मात्रा में गोबर की खाद एवं जैविक संसाधनों के उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि इससे मिट्टी की गुणवत्ता में सुधार होता है और फसलों की उत्पादकता भी बढ़ती है। यह किसानों के लिए बेहतर मुनाफे का मार्ग प्रशस्त करेगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय और अन्य उपस्थित अतिथियों ने कृषि, उद्यान, पशुपालन एवं अन्य विभागों द्वारा लगाए गए विभिन्न प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को किसानों को योजनाओं एवं तकनीकी जानकारी का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उपनिदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी सोम प्रकाश गुप्ता, वैज्ञानिकगण, जनप्रतिनिधि, प्रगतिशील किसान और बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को प्राकृतिक खेती, आधुनिक कृषि तकनीकों और सरकार की विभिन्न किसान कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान करना था।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *