प्रयागराज में 19 लाख का गांजा और स्मैक नष्ट:36 मुकदमों में जब्त ड्रग्स को एनटीएफ-पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर जलाया


प्रयागराज में नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एनटीएफ) अपराध शाखा और स्थानीय पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। कोर्ट के आदेश पर “ऑपरेशन दहन” के तहत भारी मात्रा में जब्त मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। खुल्दाबाद और शाहगंज थाना पुलिस तथा एनटीएफ की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। अधिकारियों के मुताबिक, नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 7 किलो 450 ग्राम गांजा, 55 ग्राम स्मैक, 5.09 ग्राम नशीला पाउडर और 2.5 ग्राम डायजापाम शामिल थे। कुल 15.59 किलोग्राम मादक पदार्थ जलाए गए। पुलिस के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी अनुमानित कीमत लगभग 19 लाख 6 हजार 347 रुपये है। ये सभी मादक पदार्थ खुल्दाबाद थाना, शाहगंज थाना और नारकोटिक्स टास्क फोर्स अपराध शाखा द्वारा दर्ज कुल 36 अलग-अलग मुकदमों में जब्त किए गए थे। न्यायालय से आवश्यक अनुमति प्राप्त होने के बाद नियमानुसार इन्हें नष्ट करने की प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। जब्त नशीले पदार्थों को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के बजाय, न्यायालय के आदेश पर समय-समय पर नष्ट किया जाता है। इसका उद्देश्य इनके दुरुपयोग की संभावना को पूरी तरह समाप्त करना है। “ऑपरेशन दहन” के तहत की गई यह कार्रवाई नशे के खिलाफ पुलिस की प्रतिबद्धता दर्शाती है। अधिकारियों ने कहा कि युवाओं को नशे की लत से बचाने और समाज को सुरक्षित रखने के लिए मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उन्हें मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी या सेवन से संबंधित कोई जानकारी मिलती है, तो वे तत्काल पुलिस को सूचित करें।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *