प्रयागराज में बारिश से सड़क धंसी, गहरा गड्‌ढा हुआ:महाकुंभ में करोड़ों की लागत से बनी थी, वीडियो शेयर कर उठाए सवाल


प्रयागराज में बारिश से अरेल नैनी की सड़क का कुछ हिस्सा धंस गया। अरेल घाट स्थित सेल्फी प्वाइंट जाने वाले मार्ग पर पुलिया के पास करीब पांच से छह फीट गहरा गड्‌ढा हो गया। सोशल मीडिया पर तमाम लोग इसका वीडियो शेयर कर रहे हैं। इलाहाबाद जन कल्याण समिति के अध्यक्ष व अधिवक्ता मोहम्मद हंजला, सचिव परशुराम चौहान समेत अन्य लोग ने मौके पर पहुंच विरोध जताया। वीडियो शेयर कर सड़क निर्माण में घोटाले का आरोप लगा रहे हैं। मो. हन्जला का कहना है कि महाकुंभ के मद्देनजर अरेल घाट क्षेत्र की सड़कों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए थे।
खरकोनी से अरेल घाट मार्ग की लगभग 1.67 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण के लिए 10.98 करोड़ की स्वीकृति दी गई थी। वहीं ADA कॉलोनी, नैनी से अरेल घाट तक लगभग 1.250 किलोमीटर मार्ग के लिए 10.45 करोड़ स्वीकृत किए गए थे। ऐसे में बारिश के बाद सड़क का इस तरह धंस जाना निर्माण कार्य की गुणवत्ता और जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े करता है। सीएम से की गई जांच की मांग
कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़क इतनी जल्दी कैसे धंस गई? क्या निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों और गुणवत्ता का पालन किया गया था? क्या सड़क निर्माण के दौरान तकनीकी जांच और गुणवत्ता परीक्षण कराया गया था? संस्था की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की गई कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष तकनीकी जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि हल्की बारिश में ही पुलिया के पास करीब पांच से छह फीट सड़क का धंस जाना बेहद गंभीर मामला है। यदि जांच में ठेकेदार या संबंधित अधिकारियों की लापरवाही, घटिया सामग्री अथवा निर्माण मानकों की अनदेखी सामने आती है तो जिम्मेदार ठेकेदार एवं अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और सरकारी धन के दुरुपयोग की स्थिति में नियमानुसार वसूली भी सुनिश्चित की जाए।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *