प्रयागराज में चलती कार में लगी आग, VIDEO:धू-धूकर जली, चालक ने कूदकर बचाई जान


प्रयागराज शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के सूरवल गांव के सामने बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब सूरवल चंदेल स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास एक चलती स्विफ्ट कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी कार आग की लपटों में घिर गई। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते वाहन को रोककर बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर एक स्विफ्ट कार सूरवल गांव की ओर से गुजर रही थी। जैसे ही कार सूरवल चंदेल स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास पहुंची, उसी दौरान वाहन में अचानक आग लग गई। कार से धुआं निकलता देखकर चालक ने तत्काल वाहन को सड़क किनारे रोक दिया और आनन-फानन में कार से बाहर निकल गया। चालक के बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। कार में आग लगी देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल नारीबारी चौकी पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई, लेकिन दमकल टीम के मौके पर पहुंचने में समय लग गया। इस दौरान आग तेजी से फैलती गई और देखते ही देखते कार पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। बाद में मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में लगी आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक चार पहिया वाहन पूरी तरह आग की चपेट में आ चुका था। स्थानीय लोगों ने प्रारंभिक तौर पर कार में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई थी। राहत की बात यह रही कि चालक ने समय रहते कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *