प्रयागराज पुलिस में बड़ा फेरबदल:IPS सागर जैन बने DCP City तो मनीष शांडिल्य को क्राइम की कमान


प्रयागराज शहर की कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया ने बृहस्पतिवार को पुलिस महकमे में अहम बदलाव किया। उन्होंने 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी सागर जैन को डीसीपी सिटी की जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं, अब तक डीसीपी सिटी का दायित्व संभाल रहे मनीष कुमार शांडिल्य को डीसीपी क्राइम बनाया गया है। दोनों अधिकारियों की जिम्मेदारियों में यह बदलाव तत्काल प्रभाव से किया गया है।
सागर जैन अभी तक डीसीपी क्राइम की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब उन्हें शहर की कानून व्यवस्था की कमान दी गई है। शहर के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिसिंग, अपराध की रोकथाम, कानून व्यवस्था बनाए रखने और संवेदनशील मामलों में पुलिस की त्वरित कार्रवाई की निगरानी उनकी प्रमुख जिम्मेदारियों में होगी। अप्रैल में हुई थी प्रयागराज में तैनाती
सागर जैन 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। वह मूल रूप से होशंगाबाद, मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। अप्रैल 2026 में उनकी तैनाती प्रयागराज में हुई थी। प्रयागराज आने के बाद उन्हें डीसीपी क्राइम की जिम्मेदारी दी गई थी। करीब चार महीने तक उन्होंने इस पद पर रहते हुए जिले में अपराध से जुड़े मामलों और पुलिस की कार्रवाई की निगरानी की। प्रयागराज से पहले सागर जैन सहारनपुर, मुरादाबाद और वाराणसी में भी तैनात रह चुके हैं। अलग-अलग जिलों में पुलिसिंग का अनुभव रखने वाले सागर जैन को अब प्रयागराज शहर की कानून व्यवस्था की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
डीसीपी सिटी रहे मनीष शांडिल्य अब संभालेंगे क्राइम
वहीं, अब तक डीसीपी सिटी की जिम्मेदारी संभाल रहे मनीष कुमार शांडिल्य को डीसीपी क्राइम बनाया गया है। शहर की कानून व्यवस्था की निगरानी के बाद अब उनके जिम्मे अपराध नियंत्रण और गंभीर आपराधिक मामलों की मॉनिटरिंग होगी।डीसीपी साइबर क्राइम की भी जिम्मेदारी भी उनके पास रहेगी। कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण पर जोर
पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया की ओर से अधिकारियों की जिम्मेदारियों में किया गया यह बदलाव कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की व्यवस्था को और मजबूत करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।
डीसीपी सिटी के तौर पर सागर जैन का फोकस शहर की कानून व्यवस्था, पुलिस की मौजूदगी, अपराध की रोकथाम और थाना स्तर की पुलिसिंग को प्रभावी बनाने पर रहेगा। वहीं डीसीपी क्राइम के रूप में मनीष शांडिल्य गंभीर अपराधों और अपराधियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की निगरानी करेंगे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *