प्रयागराज-नेपाल मार्ग होगा सुगम,मुंगरा बादशाहपुर बाईपास 70% निर्माण पूरा,:लाखों यात्रियों को होगा लाभ, बचेगा समय और ईंधन


प्रयागराज से नेपाल तक जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। जौनपुर जिले के मुंगरा बादशाहपुर में निर्माणाधीन लगभग दो किलोमीटर लंबे बाईपास का कार्य तेजी से चल रहा है। निर्माण कार्य करीब 70 प्रतिशत पूरा हो चुका है और उम्मीद है कि अगले छह माह में यह परियोजना पूरी तरह तैयार हो जाएगी। बाईपास के चालू होने के बाद प्रयागराज-नेपाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुगम और तेज हो जाएगी। मुंगरा बादशाहपुर प्रयागराज-नेपाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित एक महत्वपूर्ण कस्बा है। यहां रेलवे की दो क्रॉसिंग होने के कारण अक्सर यातायात प्रभावित रहता है। हर आधे घंटे पर यात्री ट्रेन या मालगाड़ी गुजरने से फाटक बंद हो जाता है, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। कई बार लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ता है। इससे न केवल यात्रियों का समय बर्बाद होता है बल्कि ईंधन की भी भारी खपत होती है। बाईपास निर्माण पूरा होने के बाद वाहनों को मुंगरा बादशाहपुर नगर के भीतर से होकर नहीं गुजरना पड़ेगा। वाहन शहर से लगभग दो किलोमीटर पहले ही बाईपास मार्ग पर मुड़कर सीधे लखनऊ-वाराणसी हाईवे से जुड़ सकेंगे और अपने गंतव्य तक आसानी से पहुंच सकेंगे। इससे नगर के भीतर यातायात का दबाव भी कम होगा और स्थानीय लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी। राज्यसभा सांसद और भाजपा की वरिष्ठ नेता सीमा द्विवेदी ने बताया कि क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। उनके प्रयासों के बाद केंद्र सरकार ने बाईपास निर्माण को मंजूरी प्रदान की और अब परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है। सांसद सीमा द्विवेदी ने कहा कि बाईपास के निर्माण से प्रतिदिन लाखों लोगों को लाभ मिलेगा। इससे यात्रा का समय कम होगा, ईंधन की बचत होगी और प्रयागराज, जौनपुर, वाराणसी तथा नेपाल की ओर जाने वाले यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा प्राप्त होगी

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *