![]()
प्रयागराज जंक्शन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर बुधवार रात टीएलसी (TLC) चार्जिंग केबिन में आग लगने से हड़कंप मच गया। पार्सल गेट के पास स्थित इस केबिन से आग की लपटें उठती देख यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों में अफरा-तफरी फैल गई। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और फायर विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग तेजी से केबिन के अंदर फैल रही थी। चूंकि चार्जिंग केबिन बंद था, इसलिए फायर टीम ने बिना समय गंवाए फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से उसका ताला तोड़ा। दमकल कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फायर एक्सटिंग्विशर से आग पर काबू पाया। फायर टीम की तत्परता से आग को फैलने से रोक दिया गया और कुछ ही देर में उसे पूरी तरह बुझा दिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री, रेलवे कर्मचारी या अन्य व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। समय रहते आग बुझा दिए जाने से एक संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया। यदि आग पर तत्काल काबू नहीं पाया जाता तो यह आसपास के विद्युत उपकरणों और अन्य रेलवे संसाधनों तक फैल सकती थी, जिससे प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती थी। घटना के दौरान कुछ समय के लिए स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल जरूर बना, लेकिन आरपीएफ और फायर टीम के समन्वित प्रयासों से स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अधिकारी जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट होने की बात कह रहे हैं। रेलवे प्रशासन ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने की बात कही है।
Source link
प्रयागराज जंक्शन पर TLC केबिन में लगी आग:फायर टीम और RPF की तत्परता से टला बड़ा हादसा