![]()
संगम नगरी प्रयागराज में शनिवार को सीजेपी के आह्वान पर आयोजित छात्र प्रदर्शन के दौरान हजारों छात्रों की भीड़ सड़कों पर उमड़ पड़ी। इस बीच प्रयागराज पुलिस का मानवीय चेहरा भी देखने को मिला, जब उन्होंने भीड़ में फंसी एक महिला और उसकी मासूम बच्ची की मदद की। प्रदर्शन के कारण शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। सुबह से ही सुभाष चौराहे से धरना स्थल तक करीब एक किलोमीटर लंबे मार्ग के दोनों ओर प्रदर्शनकारियों की भारी भीड़ जुटी हुई थी। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने इस पूरे मार्ग पर यातायात रोक दिया था।
इसी दौरान रेलवे स्टेशन से ट्रेन से उतरकर अपने गंतव्य की ओर जा रही एक महिला अपनी छोटी बच्ची के साथ भीड़ में फंस गई। चारों तरफ प्रदर्शनकारियों की भीड़ और रास्ता बंद होने के कारण महिला घबरा गई, जबकि उसकी बच्ची भी डर के मारे रोने लगी। मौके पर ड्यूटी में तैनात प्रयागराज ट्रैफिक पुलिस के जवानों की नजर जब महिला और बच्ची पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत दोनों को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिसकर्मियों ने सड़क किनारे ले जाकर उनकी स्थिति के बारे में जानकारी ली। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह स्टेशन से लालगोपालगंज जाने के लिए निकली थीं और उन्हें सीएमपी बस अड्डे पहुंचकर बस पकड़नी थी। लेकिन अचानक भारी भीड़ और बंद रास्तों के कारण वह पूरी तरह असहाय महसूस करने लगीं। उन्हें सबसे ज्यादा चिंता अपनी बच्ची की सुरक्षा की थी। महिला की परेशानी समझते हुए पुलिसकर्मियों ने तत्काल एक रिक्शा रुकवाया। उन्होंने मां-बेटी को सुरक्षित उसमें बैठाया और रिक्शा चालक को किराया देकर सीएमपी बस अड्डे तक पहुंचाने के निर्देश दिए। पुलिस की इस मदद से महिला ने राहत की सांस ली और पुलिसकर्मियों का आभार व्यक्त किया। छात्र प्रदर्शन के बीच प्रयागराज पुलिस की यह संवेदनशील पहल चर्चा का विषय बनी रही।
Source link
प्रदर्शन में फंसी मां-बेटी रो पड़ीं, पुलिस ने निकाला:प्रयागराज में ट्रैफिक पुलिस ने दिखाई संवेदनशीलता, सुरक्षित पहुंचाया गंतव्य तक