प्रतापगढ़ में जेल में बंद सपा जिलाध्यक्ष पर मुकदमा दर्ज:गवाह को धमकाने, पैरवी छोड़ने का दबाव बनाने का आरोप; पुलिस जांच जारी


प्रतापगढ़ में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष छविनाथ यादव की कानूनी मुश्किलें बढ़ गई हैं। कासगंज जिला जेल में बंद छविनाथ यादव के खिलाफ अब कुंडा कोतवाली में गवाह को धमकाने और मुकदमे की पैरवी छोड़ने का दबाव बनाने के आरोप में शनिवार को नया मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मानिकपुर थाना क्षेत्र के मऊदारा गांव निवासी हिमांशु मिश्र ने आरोप लगाया है कि वह 7 अगस्त को अपने मुकदमे की पैरवी के लिए दीवानी न्यायालय कुंडा पहुंचे थे। तहरीर में कहा गया है कि पहले युवराज सिंह ने उन्हें न्यायालय परिसर के बाहर छविनाथ यादव से मिलने के लिए कहा। मना करने पर ऋषभ सिंह ने बातचीत करने की बात कही। आरोप है कि बाद में एसीजेएम न्यायालय कक्ष में न्यायाधीश के उठकर अंदर जाने के बाद छविनाथ यादव ने मुकदमे की पैरवी बंद करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मरवाने की धमकी दी। पीड़ित ने स्वयं एवं अपने परिवार की सुरक्षा की मांग भी की है। कुंडा कोतवाल अरविंद सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि इससे दो दिन पहले भी छविनाथ यादव के खिलाफ कुंडा क्षेत्र की दो ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन के कथित गबन और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे। इन मामलों में भी पुलिस जांच कर रही है। छविनाथ यादव वर्तमान में कासगंज जिला जेल में बंद हैं। उनके भाई एवं कुंडा नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन गुलशन यादव वर्तमान में समाजवादी पार्टी के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष बताए जाते हैं। पुलिस अभिलेखों के अनुसार गुलशन यादव पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित है और वह फरार हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुंडा विधायक कुंवर रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के खिलाफ चुनाव लड़ा था।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *