पूर्व सीएम की प्रतिमा शिलालेख से नाम हटाने का आरोप:हाथरस में लोधी राजपूत महासभा ने ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की


हाथरस में अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा के पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर अधिकारियों को एक ज्ञापन सौंपा। महासभा ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की प्रतिमा के शिलालेख से नाम हटाने और नया पत्थर लगाने का आरोप लगाया है। ज्ञापन में कहा गया है कि शहर के जलेसर रोड स्थित पालिका मार्केट में स्थापित पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की प्रतिमा के नीचे लगे मूल शिलालेख से पूर्व अध्यक्ष सहित विभिन्न लोगों के नाम हटा दिए गए हैं। आरोप है कि इसके स्थान पर वर्तमान नगर पालिकाध्यक्ष का नाम लिखा एक नया पत्थर लगा दिया गया है। महासभा ने इस कृत्य को सरकारी संपत्ति का विरूपण और सार्वजनिक रिकॉर्ड के साथ छेड़छाड़ बताया है। संगठन का कहना है कि किसी भी सरकारी कार्य के मूल शिलालेख को हटाना अवैध है और यह राजकीय धन की बर्बादी तथा वित्तीय क्षति भी है। ज्ञापन में बताया गया है कि कल्याण सिंह की प्रतिमा स्थापित करने के लिए कई जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया गया था। इसके बाद, तत्कालीन पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा ने कल्याण सिंह की प्रतिमा स्थापित की थी। उन्होंने पालिका की कीमती जमीन पर पालिका मार्केट का निर्माण भी कराया था, जिससे लोगों को रोजगार के अवसर मिले। मामले की निष्पक्ष जांच कर हो कार्रवाई.. महासभा के अनुसार, महापुरुषों की प्रतिमाओं के मूल शिलालेख के साथ इस तरह का व्यवहार उनके बलिदान और नगर के गौरवशाली इतिहास का अपमान है। इसे लोधी समाज का भी घोर अपमान बताया गया है। संगठन ने अधिकारियों से इस गंभीर प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने का निवेदन किया है। उन्होंने मांग की है कि दोषी अधिकारियों या व्यक्तियों के विरुद्ध “सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम” के तहत दंडात्मक कार्यवाही की जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में महासभा के जिलाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह राजपूत, मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह लोधी प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *