पूरण सिंह ने सत्यपाल मलिक को किया याद:किसानों के हितों की लड़ाई जारी रहेगी, सरकार से की अपील


किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरण सिंह बुधवार को बागपत के टटीरी पहुंचे। यहां संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने किसानों और मजदूरों के हितों की रक्षा के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता दोहराई। मीडिया से बात करते हुए ठाकुर पूरण सिंह ने पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय सत्यपाल मलिक को याद किया। उन्होंने कहा कि मलिक ने अपने सार्वजनिक जीवन में किसानों के अधिकारों के लिए सशक्त आवाज उठाई। उन्होंने किसान समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया और किसानों के सम्मान व अधिकारों की लड़ाई को नई दिशा दी। देश का किसान समाज उनके योगदान को हमेशा याद रखेगा। पूरण सिंह ने कहा कि आज भी किसानों और मजदूरों की कई समस्याएं अनसुलझी हैं। उन्होंने जोर दिया कि यदि सरकार किसानों के साथ संवाद स्थापित कर इन समस्याओं का समाधान करे, तो देश के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने के लिए सरकार और किसानों के बीच मिलकर काम करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने सरकार से अपील की कि युवाओं के हाथों में लाठी की जगह कलम होनी चाहिए। शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ाकर ही देश का भविष्य मजबूत होगा और समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा। पूरण सिंह ने किसानों से भी राष्ट्र निर्माण और विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। टटीरी कार्यक्रम के बाद ठाकुर पूरण सिंह ग्राम हिसावदा के लिए रवाना हुए। वहां उन्होंने पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय सत्यपाल मलिक की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भाग लिया। इस अवसर पर नीरज राजपूत, मनोज राजपूत, शांतनु राजपूत मानव और प्रहलाद सिंह सहित संगठन के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *