![]()
पीलीभीत में हुई तेज बारिश के कारण मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाएं प्रभावित हुई हैं। मेडिकल कॉलेज से जुड़े 200 बेड के अस्पताल की मुख्य बिजली सप्लाई मंगलवार सुबह से पूरी तरह बंद है। करीब 34 घंटे बीत जाने के बाद भी बुधवार दोपहर तक अस्पताल की मेन लाइन ठीक नहीं हो पाई। इससे मरीजों और उनके तीमारदारों को काफी परेशानी हो रही है। जानकारी के मुताबिक, लगातार बारिश से अस्पताल परिसर में पानी भर गया। यह पानी धीरे-धीरे जमीन के नीचे की मेन लाइन के केबल बॉक्स में चला गया। केबल बॉक्स में पानी भरने से पूरी लाइन में बड़ी खराबी आ गई। मंगलवार सुबह करीब 4:00 बजे ओपीडी समेत पूरे 200 बेड परिसर की बिजली चली गई।
इसके बाद से बुधवार दोपहर 2:00 बजे तक बिजली विभाग और कॉलेज प्रशासन की टीमें मेन सप्लाई को ठीक करने में लगी रहीं, लेकिन खराबी पूरी तरह ठीक नहीं हो पाई। बिजली लाइन से पानी बाहर निकालने के लिए कर्मचारियों ने मोटर और सबमर्सिबल पंप का इस्तेमाल किया। कर्मचारी लगातार लाइन और बॉक्स में भरे पानी को बाहर निकालने में जुटे रहे। हालांकि, पानी ज्यादा होने के कारण लाइन को सुखाने और सुरक्षित करने में कई घंटे लग गए। इस दौरान अस्पताल प्रशासन ने इमरजेंसी को देखते हुए जनरेटर चलाकर जरूरी हिस्सों में बिजली सप्लाई जारी रखी। कम बैकअप होने से ओपीडी और जांच कक्षों में कई कामों पर असर पड़ा। गर्मी के बीच बिजली न होने से ओपीडी में पर्चा बनवाने और डॉक्टरों को दिखाने आए मरीजों को काफी परेशानी हुई। टेक्निकल टीम का कहना है कि जब तक केबल बॉक्स से पूरा पानी साफ नहीं हो जाता और लाइन सुरक्षित नहीं हो जाती, तब तक मेन लाइन चालू नहीं की जाएगी। कर्मचारी व्यवस्था ठीक करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
Source link
पीलीभीत मेडिकल कॉलेज में बारिश से बिजली व्यवस्था ठप:34 घंटे से 200 बेड अस्पताल की मेन लाइन पानी भरने से बंद, जनरेटर से चल रहा काम