पीलीभीत में बाढ़ से निपटने की तैयारी:देवहा नदी पर प्रशासनिक अधिकारियों ने की मॉक ड्रिल, VIDEO


पीलीभीत में मानसून से पहले संभावित बाढ़ से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में बुधवार को देवहा नदी के तट पर स्थित मुक्तिधाम के पास राज्य आपदा मोचक बल (SDRF) के साथ प्रशासनिक अधिकारियों ने एक वृहद बाढ़ मॉक ड्रिल का आयोजन किया। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आपदा के समय त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन चलाना और जनहानि को शून्य पर लाना था। मॉक ड्रिल के दौरान एक सराहनीय तस्वीर सामने आई, जब खुद प्रशासनिक अधिकारी लाइफ जैकेट पहनकर देवहा नदी की लहरों के बीच उतरे। अधिकारियों ने एसडीआरएफ की टीम के साथ मोटरबोट के जरिए बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का कड़ा अभ्यास किया। इस महत्वपूर्ण मॉक ड्रिल में जिले के कई आला अधिकारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इनमें अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) प्रसून द्विवेदी, सिटी मजिस्ट्रेट विजयवर्धन तोमर और एसडीएम सदर श्रद्धा सिंह प्रमुख रूप से शामिल थे। इनके साथ करीब एक दर्जन अन्य प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी इस राहत एवं बचाव कार्य के अभ्यास में हिस्सा लिया। मॉक ड्रिल के साथ-साथ नदी किनारे और आसपास के गांवों के लोगों को भी आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों और एसडीआरएफ की टीम ने ग्रामीणों को बताया कि बाढ़ जैसी आपातकालीन स्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ से काम लें। उन्हें बाढ़ के दौरान सुरक्षित स्थानों पर जाने, घरेलू स्तर पर जीवन रक्षक प्रणालियाँ तैयार करने और दूसरों की जान बचाने के जरूरी उपाय सिखाए गए। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) प्रसून द्विवेदी ने बताया, “हमने तीन दिवसीय विशेष कार्यक्रम के तहत पहले कलीनगर और आज सदर तहसील में इस मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया है। इसका मुख्य उद्देश्य न सिर्फ अधिकारियों को प्रशिक्षित करना है, बल्कि आम जनता को भी यह सिखाना है कि आपदा के समय वे कैसे अपनी और दूसरों की जान बचा सकते हैं।”

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *