पीलीभीत में डेंटल क्लिनिक में मिला 7 फीट लंबा अजगर:वन विभाग ने घंटों मशक्कत के बाद सुरक्षित रेस्क्यू किया


उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के न्यूरिया थाना क्षेत्र के मझोला कस्बे में रविवार सुबह एक डेंटल क्लिनिक के अंदर 7 फीट लंबा अजगर मिला। यह घटना मझोला पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर स्थित ‘दिवाकर डेंटल क्लिनिक’ में हुई। क्लिनिक संचालक डॉ. दिवाकर रविवार सुबह 9:00 बजे जब अपनी दुकान का शटर खोलने पहुंचे, तो उन्होंने काउंटर के पास लगभग 7 फीट लंबे अजगर को कुंडली मारे बैठा देखा। अजगर मिलने की सूचना फैलते ही स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काउंटर के संकरे स्थान में फंसे अजगर को सुरक्षित पकड़ने में टीम को घंटों मशक्कत करनी पड़ी। कई प्रयासों के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ दिया गया। स्थानीय जानकारों के अनुसार, उत्तराखंड सिंचाई विभाग की एक माइनर नहर मझोला नगर पंचायत और बाजार से होकर खटीमा के मझोला गांव की ओर जाती है। बरसात के मौसम में जलस्तर बढ़ने के कारण वन्यजीव इस माइनर और नालियों के सहारे आबादी वाले क्षेत्रों में आ जाते हैं। बारिश के दिनों में वन्यजीव दरारों और नालियों के रास्ते घरों और दुकानों में प्रवेश कर जाते हैं। इस इलाके में पहले भी मगरमच्छ जैसे अन्य वन्यजीवों के निकलने की सूचनाएं वन विभाग को मिल चुकी हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *