पीलीभीत में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई:4 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां की सीज,जिले में लगातार जाती ऑपरेशन क्लीन


पीलीभीत जनपद में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। माधोटांडा थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर अवैध मिट्टी और बालू के कारोबार पर रोक लगाई। खनन अधिकारी सुभाष सिंह के नेतृत्व में टीम ने मौके से अवैध खनन में लिप्त 4 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर सीज कर दिया। जानकारी के अनुसार, माधोटांडा थाना क्षेत्र में लंबे समय से रात के अंधेरे में अवैध रूप से मिट्टी और बालू के उठाव की शिकायतें मिल रही थीं। खनन माफिया अंधेरे का फायदा उठाकर सरकार को राजस्व का नुकसान पहुंचा रहे थे। गुरुवार देर रात खनन अधिकारी सुभाष सिंह को सटीक सूचना मिली कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध खनन चल रहा है। सूचना मिलते ही उन्होंने तत्काल मौके पर दबिश दी। अचानक हुई इस छापेमारी से खनन गतिविधियों में लिप्त लोगों में अफरा-तफरी मच गई। टीम को देखते ही कई लोग वाहन छोड़कर भागने लगे, लेकिन घेराबंदी के कारण 4 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ लिया गया। जांच के दौरान इन वाहनों के चालकों के पास खनन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या परमिट नहीं मिला। इसके बाद खनन अधिकारी ने चारों वाहनों को सीज कर माधोटांडा पुलिस को सौंप दिया। खनन अधिकारी सुभाष सिंह पिछले चार दिनों से अवैध खनन के खिलाफ सक्रिय अभियान चला रहे हैं। उन्होंने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई कर अवैध खनन सिंडिकेट पर शिकंजा कसा है। इस लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध धंधे में शामिल लोगों में भय का माहौल है। खनन अधिकारी सुभाष सिंह ने बताया, “अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पिछले 4 दिनों से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। माधोटांडा में सीज किए गए वाहनों पर सुसंगत धाराओं में जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।”

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *