पीलीभीत में अज्ञात वाहन की टक्कर से पिता की मौत:बेटी की हालत गंभीर, बाइक से घर लौटते समय हुआ हादसा


पीलीभीत में बाइक सवार पिता की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। अज्ञात वाहन चालक टक्कर मारकर फरार हो गया। मामला करेली थाना क्षेत्र का है। शाहजहांपुर के थाना बंडा क्षेत्र के ग्राम अजमतपुर निवासी देवेंद्र सिंह अपनी बेटी अन्नू के साथ बाइक से लौट रहे थे। तभी मीरपुर गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय राहगीर अर्जुन ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों घायलों को बिलसंडा सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने देवेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल अन्नू को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
परिजनों के अनुसार, देवेंद्र सिंह अपनी बहन के घर गांव पंडरी मरौरी गए थे और देर रात वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। घर पहुंचने से पहले ही यह दुर्घटना उनके परिवार पर कहर बनकर टूटी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना अध्यक्ष विपिन शुक्ला ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और जल्द ही आरोपी चालक को पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *