पीलीभीत पुलिस ने नाकाम की डकैती की साजिश:वारदात से पहले 4 बदमाश गिरफ्तार, हथियार और फर्जी नंबर प्लेट वाली बाइक बरामद


पीलीभीत पुलिस ने डकैती की एक बड़ी साजिश को समय रहते विफल कर चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी एक थोक किराना व्यापारी के मुनीम से हथियारों के बल पर नकदी लूटने की तैयारी में थे। एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। पीलीभीत पुलिस ने जनपद में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए बरखेड़ा थाना क्षेत्र में डकैती की साजिश का खुलासा किया है। पुलिस ने वारदात को अंजाम दिए जाने से पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। मंगलवार शाम पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया ने बताया कि पूछताछ के दौरान पता चला कि गिरफ्तार आरोपी अंकित सक्सेना पहले पूरनपुर के एक थोक किराना व्यापारी के यहां काम करता था। उसे इस बात की जानकारी थी कि व्यापारी का मुनीम आसपास की दुकानों से नकदी एकत्र कर लौटता है। इसी जानकारी के आधार पर आरोपियों ने मुनीम से हथियारों के बल पर नकदी लूटने की योजना बनाई थी। पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई की रात सभी आरोपी रमपुरा नत्थू पुलिया के पास एकत्र होकर वारदात की तैयारी कर रहे थे। सूचना मिलने पर बरखेड़ा पुलिस ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को मौके से दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित सक्सेना निवासी वमनपुरी, पूरनपुर, जतिन निवासी मोहल्ला ठाकुरद्वारा, बरखेड़ा, विकास कुमार उर्फ गंठा निवासी वार्ड नंबर-8, बरखेड़ा तथा करन सिंह निवासी मोहल्ला कहरान, बरखेड़ा के रूप में हुई है। इनका साथी सौरभ राजपूत पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे (12 बोर और .315 बोर), छह जिंदा कारतूस, दो रामपुरी चाकू, फर्जी नंबर प्लेट लगी एक टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस संबंध में थाना बरखेड़ा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *