![]()
बस्ती के गौर थाना क्षेत्र अंतर्गत बभनगांवा चौराहे पर बुधवार दोपहर करीब 12 बजे एक सड़क हादसे में टेंपो चालक की मौत हो गई। अज्ञात पिकअप वाहन की टक्कर से यह दुर्घटना हुई। मृतक की पहचान शेषराम वर्मा (45) पुत्र राम सुमिरन वर्मा के रूप में हुई है, जो सावडीह शुकुल पुरवा गांव के निवासी थे। शेषराम वर्मा टेंपो संख्या यूपी 51 एटी 6344 चला रहे थे और गौर से बस्ती की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप वाहन ने उनके टेंपो को टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया। पुलिस ने मृतक के भाई जवाहरलाल वर्मा को मोबाइल के जरिए घटना की जानकारी दी। शेषराम वर्मा अपने परिवार में पत्नी, एक 20 वर्षीय बेटे और एक 13 वर्षीय बेटी के साथ रहते थे। वह टेंपो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। थानाध्यक्ष अतुल कुमार अनजान ने बताया कि अज्ञात पिकअप वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
पिकअप ने टेंपो को टक्कर मारी:ड्राइवर ने मौके पर तोड़ा दम, पुलिस जांच में जुटी