पालिका अध्यक्ष ने चौकाबाग का निरीक्षण किया:जल निकासी की समस्या के समाधान के निर्देश दिए


ललितपुर नगर पालिका अध्यक्ष सोनाली जैन अभिलाषा ने रविवार को राजस्व विभाग और नगर पालिका टीम के साथ वार्ड नंबर 14 स्थित मोहल्ला रावतयाना चौकाबाग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान क्षेत्र की समस्याओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने अध्यक्ष को अवगत कराया कि मोहल्ले में वर्षों से जल निकासी की गंभीर समस्या बनी हुई है। बरसात के समय सड़कों पर पानी भर जाने से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है और आवागमन भी प्रभावित होता है। क्षेत्र में समुचित नाला व्यवस्था न होने के कारण स्थिति और अधिक विकराल हो जाती है। मोहल्लेवासियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए, पालिका अध्यक्ष सोनाली जैन अभिलाषा ने संबंधित अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने जल निकासी के लिए संभावित मार्गों का अवलोकन किया और संबंधित भू-स्वामी से भी वार्ता कर समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में आवश्यक चर्चा की।
अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा ने इस अवसर पर कहा कि नगर पालिका परिषद द्वारा प्रत्येक वार्ड में नाला एवं नालियों के निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बरसात के दौरान किसी भी वार्ड में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही है। राजस्व विभाग के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर चौकाबाग क्षेत्र में जल निकासी का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। पालिका अध्यक्ष सोनाली जैन अभिलाषा ने कहा कि नगर पालिका परिषद ललितपुर शहर को साफ, सुंदर एवं स्वच्छ बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कई वार्डों में नाला निर्माण कार्य तेजी से संचालित हैं और आने वाले समय में क्षेत्रवासियों को जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष प्रतिनिधि मुन्नालाल जैन, अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा, कर निर्धारण अधिकारी राजेंद्र प्रसाद, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि आनंद यादव, पार्षद प्रतिनिधि अमरदीप रजक, प्रभारी सफाई निरीक्षक महेंद्र सिंह यादव, अवर अभियंता निधि पाण्डेय, सदर लेखपाल सूरज, निर्माण लिपिक दीपेंद्र कुमार, डीपीएम दीपक कुमार, स्वास्थ्य नायक रामू पहलवान सहित नगर पालिका एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *