पानी से भरी बाल्टी में डूबने से मासूम की मौत:सोनभद्र में शाम को घर के आंगन में खेल रहा था बच्चा


सोनभद्र में रविवार शाम पानी से भरी बाल्टी में गिरने से डेढ़ वर्षीय मासूम की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद सोमवार को शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मामला रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के रामपुर गांव का है। जानकारी के अनुसार, रामपुर गांव निवासी राजेश का डेढ़ वर्षीय पुत्र रुद्रांश रविवार शाम घर के आंगन में खेल रहा था। घटना के समय उसके पिता घर से बाहर गए थे, जबकि बड़ा भाई और बहन घर के बाहर खेल रहे थे। उसकी मां भी गाय को चारा देने के लिए बाहर गई थी। बताया गया कि आंगन में रखी पानी से भरी बाल्टी में मासूम गिलास डालकर पानी निकालने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान गिलास बाल्टी में डूब गया। उसे निकालने की कोशिश में मासूम अचानक मुंह के बल पानी से भरी बाल्टी में गिर गया। कुछ देर बाद उसकी बहन घर के अंदर पहुंची तो उसने रुद्रांश को बाल्टी में गिरा देखा और शोर मचाकर अपनी मां को बुलाया। मां ने मौके पर पहुंचकर बच्चे को बाल्टी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना ग्राम प्रधान ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची रामपुर बरकोनिया थाना पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर सोमवार को शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *