पानी भरे गड्ढे में डूबे दो भाई:घर से खेलने निकले थे, 100 मीटर दूर गड्ढे में मिले शव; हत्या का आरोप


बांदा के नरैनी कोतवाली क्षेत्र के नंदवारा गांव में बुधवार को घर से खेलने निकले दो मासूम भाइयों की पानी भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। 6 वर्षीय मनोज और 4 वर्षीय अशोक दोपहर करीब 1 बजे घर से निकले थे। देर रात दोनों शव घर से 100 मीटर दूर सड़क किनारे करीब 6 फीट गहरे पानी भरे गड्ढे से मिले। शव मिलने के बाद परिजनों ने पुरानी रंजिश के चलते हत्या की आशंका जताई और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। देर रात करीब 11:30 बजे तक परिजनों ने शव उठाने नहीं दिए। मौके पर पुलिस फोर्स तैनात रही। खेलने निकले थे दोनों भाई, वापस नहीं लौटे नंदवारा निवासी भइयाराम राजपूत का 6 वर्षीय बेटा मनोज कक्षा एक में पढ़ता था। बुधवार दोपहर करीब 1 बजे स्कूल से लौटने के बाद खाना खाकर वह छोटे भाई अशोक के साथ खेलने निकला था। काफी देर तक दोनों घर नहीं लौटे तो परिजनों ने गांव में तलाश शुरू की। शाम करीब 5 बजे पुलिस को सूचना दी गई। देर रात गड्ढे में मिले दोनों के शव नरैनी कोतवाली प्रभारी भास्कर मिश्रा पुलिस टीम के साथ बच्चों की तलाश में जुटे। देर रात घर से करीब 100 मीटर दूर सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में दोनों के शव मिले। गड्ढे में करीब छह फीट पानी बताया गया है। शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने जताई हत्या की आशंका परिजनों का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते दोनों बच्चों की हत्या कर शव गड्ढे में फेंके गए हो सकते हैं। उनका कहना है कि शव बाहर निकालने के बाद बच्चों के कान और नाक से खून दिखाई दिया। इसी आधार पर परिवार ने मामले की गहन जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। हालांकि खून आने की वजह और मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा। 11 अगस्त को मां से मारपीट का हुआ था मुकदमा परिजनों के मुताबिक, 11 अगस्त को बच्चों की मां कलावती इलाज के लिए जा रही थी। आरोप है कि गांव के पिता-पुत्र समेत चार लोगों ने उसके साथ मारपीट की थी। इस मामले में मुकदमा दर्ज हुआ था। परिवार इसी पुराने विवाद को बच्चों की मौत से जोड़कर देख रहा है। फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य घटना की सूचना के बाद फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस फिलहाल प्रथम दृष्टया दोनों बच्चों की मौत पानी में डूबने से मानकर जांच कर रही है। एसपी पलाश बंसल ने बताया कि अभी हत्या से जुड़ी कोई बात सामने नहीं आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा। मामले की जांच की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *