पागल कुत्ते के काटने से गाय की मौत:रायबरेली में दूध पीने वाले एक दर्जन लोग एंटी रैबीज इंजेक्शन के लिए पहुंचे


रायबरेली में एक पागल कुत्ते के काटने से एक गाय की मौत हो गई है। इसके बाद गाय का दूध पीने वाले करीब एक दर्जन लोग रैबीज संक्रमण के डर से शिवगढ़ सीएचसी पहुंचे और एंटी-रैबीज इंजेक्शन लगवाए। यह घटना शिवगढ़ थाना क्षेत्र के थई गांव की है। गांव निवासी प्रेम शंकर की गाय को लगभग एक सप्ताह पहले एक पागल कुत्ते ने काट लिया था। परिवार ने गाय को पशु चिकित्सक को दिखाया और घाव पर दवा लगाई, लेकिन वे गाय का दूध पीते रहे। एक दिन पहले गाय में हाइड्रोफोबिया के लक्षण दिखाई देने लगे, जो रैबीज संक्रमण के बाद आते हैं। गाय पानी देखकर उग्र होने लगी थी। गाय के उग्र व्यवहार का एक वीडियो भी वायरल हुआ। शाम होते-होते गाय ने दम तोड़ दिया। गाय की मौत के बाद उसका दूध पीने वाले लोगों में हड़कंप मच गया। अगले दिन वे सभी शिवगढ़ सीएचसी पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने संभावित खतरे को देखते हुए उन्हें एंटी-रैबीज इंजेक्शन दिए। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि रैबीज संक्रमित गाय का दूध नहीं पीना चाहिए, क्योंकि इससे दूध पीने वाला व्यक्ति भी संक्रमित हो सकता है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *