![]()
उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री और नव नियुक्त प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह शुक्रवार देर रात पहली बार झांसी पहुंचे। सर्किट हाउस में उनका भाजपा नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा- वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की धरती झांसी का पर्यटन विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। वहीं अयोध्या के राम मंदिर ट्रस्ट में कथित दान चोरी के मामले पर उन्होंने कहा- जांच के लिए समिति गठित हो चुकी है और रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। मंत्रिमंडल में हुए बदलाव के बाद प्रभारी बनाया देर रात सर्किट हाउस पहुंचे मंत्री जयवीर सिंह के स्वागत के लिए जिलाधिकारी गौरांग राठी और एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति भी पहुंचे। भाजपा के सदर विधायक रवि शर्मा, बबीना विधायक राजीव सिंह परीछा, गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह, एमएलसी रमा निरंजन, एमएलसी डॉ. बाबूलाल तिवारी सहित कई जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। निर्धारित समय से करीब डेढ़ घंटे की देरी से पहुंचे मंत्री ने सर्किट हाउस में वरिष्ठ अधिकारियों और भाजपा नेताओं के साथ बंद कमरे में बैठक की। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल में हुए बदलाव के बाद उन्हें झांसी का प्रभारी मंत्री बनाया गया है। शनिवार को वह अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। साथ ही लंबित और प्रस्तावित योजनाओं की प्रगति की जानकारी भी लेंगे। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ भी बैठक होगी, जिसमें संगठन की गतिविधियों पर चर्चा की जाएगी। इसकी विस्तृत रिपोर्ट मुख्यमंत्री को भेजी जाएगी। रानी लक्ष्मीबाई की धरती का होगा पर्यटन विकास जयवीर सिंह ने कहा- झांसी वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की भूमि है, जिसका गौरव पूरी दुनिया में गाया जाता है। उन्होंने कवयित्री सुभद्रा कुमारी चौहान की प्रसिद्ध पंक्तियां “खूब लड़ी मर्दानी वह तो झांसी वाली रानी थी” दोहराते हुए कहा- झांसी का किला, रानी महल और अन्य ऐतिहासिक धरोहरें प्रदेश की महत्वपूर्ण पर्यटन संपदा हैं। डिफेंस कॉरिडोर और एक्सप्रेस-वे जैसी परियोजनाएं क्षेत्र के विकास को नई गति देंगी और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। राम मंदिर मामले पर बोले- दोषी होगा तो कार्रवाई होगी अयोध्या के राम मंदिर ट्रस्ट में कथित दान चोरी के आरोपों को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा- मामले की जांच के लिए समिति गठित की जा चुकी है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई होगी। यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी, जबकि किसी निर्दोष को परेशान नहीं किया जाएगा। जांच पूरी होने से पहले इस विषय पर अधिक टिप्पणी करना उचित नहीं है और सभी को रिपोर्ट का इंतजार करना चाहिए।
Source link
पर्यटन मंत्री बोले-झांसी का विकास पहली प्राथमिकता:राम मंदिर ट्रस्ट मामले पर कहा-जांच चल रही है, अब कुछ भी बोलना ठीक नहीं