![]()
उच्च शिक्षा के बाद युवाओं को रोजगार के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (CSJMU) एक बड़ा बदलाव करने जा रहा है। यूनिवर्सिटी अपने परिसर समेत 7 संबद्ध महाविद्यालयों में ‘अप्रेंटिसशिप एंबेडेड डिग्री प्रोग्राम’ (AEDP) शुरू करने वाली है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से लागू होने वाले इन पाठ्यक्रमों की सबसे खास बात यह है कि इसमें छात्र किताबी ज्ञान के साथ-साथ नामी कंपनियों और संस्थानों में काम का व्यावहारिक अनुभव यानी इंटर्नशिप भी हासिल कर सकेंगे। इस महत्वाकांक्षी योजना को हरी झंडी यूनिवर्सिटी की विद्या परिषद और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) से मिल चुकी है। कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के मुताबिक, इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को पढ़ाई के दौरान ही वास्तविक कार्यस्थल का माहौल देना है, जिससे वे डिग्री पूरी करते ही सीधे जॉब मार्केट के लिए तैयार हो सकें। संबद्धता के लिए कॉलेजों से नहीं लिया जाएगा कोई शुल्क इस योजना को लेकर यूनिवर्सिटी प्रशासन बेहद गंभीर है। केंद्र सरकार के इस रोजगारपरक विजन को बढ़ावा देने और ज्यादा से ज्यादा कॉलेजों को इस मुहिम से जोड़ने के लिए विश्वविद्यालय ने एक बड़ा फैसला लिया है। इन रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों की संबद्धता (Affiliation) के लिए यूनिवर्सिटी कॉलेजों से किसी भी प्रकार की फीस या संबद्धता शुल्क नहीं लेगी। इन कॉलेजों में शुरू हो रहे हैं नए कोर्स यूनिवर्सिटी ने पहले चरण में जिन कॉलेजों को इस प्रोग्राम के लिए चुना है, उनमें कानपुर के डीजी कॉलेज, डीएवी कॉलेज, पीपीएन कॉलेज और एक्सिस इंस्टीट्यूट ऑफ हायर एजुकेशन (हाथीपुर) शामिल हैं। इसके अलावा इटावा के जनता कॉलेज (बकेवर), फर्रुखाबाद के कृष्णा देवी बालिका डिग्री कॉलेज और उन्नाव के ग्रेट गैंग्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी को भी इस सूची में जगह दी गई है। इन सभी संस्थानों ने अपने यहाँ इंफ्रास्ट्रक्चर और इंडस्ट्रीज से तालमेल बिठाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके साथ ही, यूनिवर्सिटी कैंपस के ‘स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट’ में भी इसी सत्र से बीकॉम बीएफएसआई (बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज एंड इंश्योरेंस) का कोर्स शुरू किया जा रहा है। 5 कॉलेजों के पाठ्यक्रम तय, जल्द शुरू होंगे एडमिशन कुलसचिव राकेश मिश्रा ने बताया कि जल्द ही इन कोर्सेज के लिए एडमिशन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। फिलहाल 5 कॉलेजों के लिए कोर्स का खाका पूरी तरह तैयार कर लिया गया है। इसके तहत डीजी कॉलेज कानपुर में बीकॉम बीएफएसआई, बीकॉम इन रिटेल ऑपरेशन्स और बीएससी बायोटेक्नोलॉजी के कोर्स चलेंगे। जनता कॉलेज इटावा और एक्सिस इंस्टीट्यूट कानपुर में बीकॉम बीएफएसआई, बीबीए इन लॉजिस्टिक्स और बीकॉम इन ई-कॉमर्स ऑपरेशन्स के पाठ्यक्रम तय हुए हैं। वहीं कृष्णा देवी कॉलेज फर्रुखाबाद में बीकॉम बीएफएसआई, बीकॉम इन रिटेल ऑपरेशन्स व बीबीए इन लॉजिस्टिक्स और ग्रेट गैंग्स इंस्टीट्यूट उन्नाव में बीबीए इन रिटेल ऑपरेशन्स की पढ़ाई होगी। डीएवी और पीपीएन कॉलेज कानपुर के लिए भी पाठ्यक्रमों को जल्द ही अंतिम रूप दे दिया जाएगा। यूजीसी गाइडलाइंस के तहत मिलेंगे अकादमिक क्रेडिट यह पूरा प्रोग्राम नई शिक्षा नीति (NEP-2020) के तहत डिजाइन किया गया है। यूजीसी की गाइडलाइंस के मुताबिक, छात्र जब कंपनियों में अप्रेंटिसशिप करेंगे, तो उन्हें इसके बाकायदा अकादमिक क्रेडिट अंक मिलेंगे। इसका फायदा यह होगा कि थ्योरी के साथ-साथ उनकी मार्कशीट और डिग्री में प्रैक्टिकल वर्क एक्सपीरियंस भी साफ दिखाई देगा, जो भविष्य में उनके करियर को एक नई रफ्तार देगा।
Source link
पढ़ाई के साथ कमाई का मौका:कानपुर यूनिवर्सिटी से संबद्ध 7 कॉलेजों में शुरू होगा अप्रेंटिसशिप प्रोग्राम