![]()
पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे सुजानपुर रेलवे ओवरब्रिज के पास वीरवार रात श्री अमरनाथ यात्रा कर लौट रहे श्रद्धालुओं की बस को ट्राले ने साइड मार दी। हादसे में बस की पिछली सीट पर बैठे श्रद्धालु खिड़की से बाहर जा गिरा, जिससे उसे गंभीर चोट लगने से मौत हो गई जबकि बस में सवार अन्य 3 श्रद्धालुओं को भी मामूली चोट आई है। मृतक अंशुल गहलोत (25) उत्तर प्रदेश, जिला गाजियाबाद के उरवासी इंकलेव नजदीक वरदान अस्पताल राजनगर विस्तार का रहने वाला था। सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंची। सुजानपुर पुलिस ने ट्राला और बस कब्जे में लेकर ट्राले के ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि बस में करीब 39 लोग सवार थे, जो अमरनाथ की यात्रा कर लौट रहे थे।
तेज रफ्तार और गलत तरीके से आ रहा था ट्राला
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के मानसरोवर कॉलोनी कवि नगर के रविंद्र यादव ने बयान दर्ज करवाए कि वह अपने दोस्त अंशुल गहलोत के साथ यूपी नंबर की बस, जिसे प्रेम यादव चला रहा था। वह सभी अमरनाथ यात्रा कर अपने घरों को लौट रहे थे। उसका दोस्त अंशुल बस की पिछली सीट पर बैठा था।
जब उन्होंने पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे सुजानपुर रेलवे ओवरब्रिज क्रॉस किया तो उनकी साइड से ट्राला तेज रफ्तार और गलत तरीके से चलाते हुए आया। जिसने साइड से टक्कर मार दी। जिससे बस के शीशे टूट गए और उसका दोस्त अंशुल बस की खिड़की से बाहर गिर गया। उन्होंने घायल अंशुल को इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बीकानेर के ट्राला चालक पर मामला दर्ज, शव परिजनों को सौंपा
मामले की जांच कर रहे सुजानपुर थाने के एएसआई बोधराज ने बताया कि पुलिस ने ट्राला कब्जे में लेकर राजस्थान के बीकानेर के जमसार निवासी इकबाल शाह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने सिविल अस्पताल से लाश का पोस्टमार्टम करवा परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
Source link
पठानकोट में गाजियाबाद के अमरनाथ यात्री की मौत:यूपी के श्रद्धालुओं की बस को ट्राले ने मारी साइड, खिड़की से बाहर गिरने से गई जान