न्यू छप्पन भोग में मिली गंदगी, बंद कराया किचन:खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 4 प्रतिष्ठानों का संचालन रोका, ग्रैंड कांटिनेंटल को नोटिस


खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटी और अनहाइजेनिक खाद्य पदार्थों की बिक्री के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को विभाग की टीमों ने 11 प्रमुख खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान गुणवत्ता, साफ-सफाई और स्वच्छता मानकों के उल्लंघन पर कार्रवाई की गई। सहायक आयुक्त डॉ. दीनानाथ यादव ने बताया कि कमियां पाए जाने पर न्यू छप्पन भोग का किचन बंद कराने के साथ चार प्रतिष्ठानों का संचालन रोक दिया गया है। अन्य प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए हैं। कस्तूरबा गांधी मार्ग स्थित न्यू छप्पन भोग के परिसर में भारी गंदगी और अन्य गंभीर कमियां पाई गईं। इसके चलते प्रतिष्ठान को नोटिस चस्पा किया गया और आवश्यक सुधार होने तक किचन का संचालन पूरी तरह बंद करा दिया गया। कमला नगर की रतन डेयरी में दही की भौतिक स्थिति खराब पाई गई, और मिलावट की आशंका के चलते 48 किलोग्राम दही मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। डेयरी का संचालन भी आवश्यक सुधार होने तक बंद कर दिया गया है। महावीरपुरी, शिवकुटी स्थित सोनू एवं नोनू फ्रूट कंपनी के राइपनिंग चैंबर में लगभग 10 क्विंटल केले रसायनों से पकाए जा रहे थे। खाद्य पंजीकरण के बिना अवैध कारोबार संचालित होने के कारण इस प्रतिष्ठान को भी बंद करा दिया गया। इसी तरह, सीढ़ौली, जलालपुर, उतरांव के राजेश कुमार सोनकर के प्रतिष्ठान में भी रसायनों से केले पकाए जाने के संदेह में जांच की गई। खाद्य पंजीकरण के बिना कारोबार संचालित होने के कारण इस प्रतिष्ठान को भी बंद कर दिया गया। सिविल लाइन्स स्थित होटल ग्रैंड कांटिनेंटल के किचन और भंडारगृह में साफ-सफाई व स्वच्छता मानकों में कमी पाई गई। इसके प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है। बालसन चौराहा स्थित पैराडाइज्ड फास्ट फूड एंड रेस्टोरेंट के किचन और भंडारगृह में भी स्वच्छता संबंधी कमियां मिलने पर नोटिस जारी किया गया। धूमनगंज के डिलाइट मफिंस से अजवाइन कुकीज और इलायची रस्क के नमूने लिए गए। यहां पानी की जांच रिपोर्ट और पेस्ट कंट्रोल प्रमाण पत्र नहीं दिखाए गए, साथ ही कर्मचारियों द्वारा हेड कवर, एप्रन और ग्लव्स का इस्तेमाल न करने पर भी नोटिस जारी किया गया है। इन पर की गई विधिक कार्रवाई
जय मां दुर्गा स्वीट अलोपीबाग कलाकंद का नमूना लिया गया तथा परिसर में कमियों के चलते नोटिस दिया गया। साथ ही, भौतिक स्थिति ठीक न पाए जाने पर 5 किलोग्राम बर्फी मौके पर विनष्ट कराई गई।
ओकेजन बेकरी मम्फोर्डगंज में टूटी-फ्रूटी ड्राई केक और पेस्ट्री की गुणवत्ता संदिग्ध मिलने पर विधिक नमूने संग्रहित कर जांच हेतु भेजे गए। राजा बाबू फ्रूट कम्पनी महावीरपुरी, शिवकुटी में राइपनिंग चैंबर की जांच में रसायन के माध्यम से पपीता पकाए जाने के संदेह में पपीते और पकाने में प्रयुक्त रसायन दोनों के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए भेजे गए।
होटल फोर व्यू सिविल लाइन्स में जांच के दौरान इस प्रतिष्ठान का किचन पूरी तरह से क्रियाशील नहीं पाया गया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *