![]()
नोएडा पुलिस कमिश्नरेट के लिए जल्द ही स्थायी और आधुनिक मुख्यालय मिलेगा। प्राधिकरण ने सेक्टर-152 और 153 के बीच करीब 13,300 वर्गमीटर जमीन चिन्हित की है। इस जमीन के आवंटन की फाइल सीईओ के पास मंजूरी के लिए भेज दी गई है। मंजूरी मिलते ही निर्माण प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। एक रुपए की लीज पर मिलेगी जमीन
यह जमीन पुलिस कमिश्नरेट को मात्र 1 रुपए की लीज पर दी जाएगी। इससे पुलिस विभाग को लंबे समय से स्थायी मुख्यालय की तलाश खत्म होगी और प्रशासनिक कामकाज भी एक ही परिसर से संचालित हो सकेगा। जमीन आवंटित के बाद बिल्डिंग का डिजाइन और निर्माण दोनों ही प्राधिकरण करेगा। निर्माण के बाद पुलिस प्रशासन को हैंडओवर कर देगा। सेक्टर-108 से संचालित हो रहा कार्यालय
फिलहाल पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय सेक्टर-108 स्थित भवन में संचालित हो रहा है। यह बिल्डिंग मूल रूप से ट्रैफिक पार्क के रूप में विकसित की गई थी, जिसे एआरटीओ विभाग के उपयोग के लिए तैयार कराया गया था। बाद में जरूरत को देखते हुए इसे पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय के लिए उपलब्ध करा दिया गया। नए भवन के बाद हो सकता है खाली
नए मुख्यालय के निर्माण के बाद सेक्टर-108 स्थित मौजूदा भवन को खाली किया जा सकता है। इसके बाद इस परिसर का उपयोग दोबारा ट्रैफिक प्रबंधन, सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण या अन्य सरकारी जरूरतों के लिए किया जा सकता है। नए परिसर में प्रशासनिक दफ्तर, कंट्रोल रूम, मीटिंग हॉल, रिकॉर्ड सेक्शन, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। जमीन आवंटन की प्रक्रिया होगी शुरू
एसीईओ सतीश पाल ने बताया कि जमीन आवंटन की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। जल्द ही स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। नए पुलिस मुख्यालय के बनने से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना क्षेत्र की पुलिस व्यवस्था को और बेहतर तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी। साथ ही आम लोगों को भी तेज और प्रभावी पुलिस सेवाएं मिलने की उम्मीद है।
Source link
नोएडा में बनेगा नया पुलिस कमिश्नरेट मुख्यालय:सेक्टर-152/153 में 13,300 वर्गमीटर जमीन चिन्हित, 1 रुपए की लीज पर दी जाएगी जमीन