नोएडा में क्रेडिट कार्ड का झांसा देकर ठगे 7.80 लाख:फेसबुक पर देखा था विज्ञापन, जानकारी देते तीन खातों से ट्रांसफर हुए पैसे


सेक्टर-61 स्थित एक सोसाइटी में रहने वाले 69 साल के बुजुर्ग फेसबुक पर दिखे पीएनबी क्रेडिट कार्ड के विज्ञापन के झांसे में आकर 7.80 लाख रुपये की साइबर ठगी का शिकार हो गए। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-61 स्थित प्रतीक फेडोरा सोसाइटी निवासी राजेश सरीन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 18 मई 2025 को फेसबुक पर पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के क्रेडिट कार्ड से जुड़ा एक विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन देखने के बाद उनके पास वाट्सऐप कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को बैंक से जुड़ा बताते हुए क्रेडिट कार्ड बनवाने की प्रक्रिया पूरी कराने का भरोसा दिलाया। तीन खातों से ट्रांसफर किए पैसे
आरोपी ने पीड़ित को एक ऑनलाइन फॉर्म भेजा, जिसे भरने के लिए कहा गया। फॉर्म भरते समय उनसे बैंक खाते से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी ले ली गई। इसके बाद इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से उनके पीएनबी के तीन बचत खातों से चार अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 7.80 लाख रुपये निकाल लिए गए। एक खाते से तीन लाख रुपये, दूसरे से 2.27 लाख रुपये, तीसरे से 53 हजार रुपये और चौथे ट्रांजेक्शन में दो लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए। मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू
खाते से रकम निकलने का पता चलने पर पीड़ित ने 19 मई 2025 को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। बाद में साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कराते हुए पुलिस से रकम वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की पड़ताल कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *