नेशनल हाईवे पर 10 मौतों के बाद प्रशासन अलर्ट:डीएम ने सड़क हादसों की समीक्षा की, सुधार करने के दिए निर्देश


लखीमपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-730 पर हुए एक गंभीर सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत के बाद जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में सड़क सुरक्षा को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। यह बैठक सोमवार को NH-730 पर हुए हादसे के मद्देनजर बुलाई गई थी। इसमें मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार, अपर जिलाधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम, एआरटीओ शांति भूषण पांडे सहित लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से NH-730 पर बढ़ते हादसों की समीक्षा की। उन्होंने दुर्घटना संभावित ‘ब्लैक स्पॉट’ चिन्हित कर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही, सड़क किनारे आवश्यक साइन बोर्ड, रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेतक लगाए जाने पर भी जोर दिया। डीएम ने एआरटीओ और पुलिस विभाग को संयुक्त अभियान चलाने का निर्देश दिया। इस अभियान के तहत ओवरस्पीडिंग करने वालों, बिना हेलमेट यात्रा करने वालों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। NH-730 पर लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए जिलाधिकारी ने स्पीड मॉनिटरिंग कैमरे लगाए जाने की प्रक्रिया तेज करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आधुनिक तकनीक का उपयोग कर यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और नियंत्रित बनाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *