नेग वसूली पर किन्नरों में सीमा विवाद:प्रतापगढ़ में मारपीट में एक घायल, एक दिन पहले थाने परिसर में किया था हंगामा


प्रतापगढ़ में नेग वसूली को लेकर रानीगंज और प्रयागराज के किन्नरों के बीच चल रहे सीमा विवाद ने रविवार को हिंसक रूप ले लिया। मारपीट की इस घटना में एक किन्नर घायल हो गया। घायल किन्नर के साथियों ने थाने पहुंचकर छिनैती का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। बताया जाता है कि फतनपुर थाना क्षेत्र के गौरा पूरे बदल निवासी किन्नर पारो और प्रयागराज के किन्नरों के बीच शनिवार को भी इलाके के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान थाने में काफी देर तक हंगामा चला था। रविवार देर शाम पारो किन्नर का साथी काजल नेग वसूली कर लौट रहा था। आरोप है कि रानीगंज-देल्हूपुर मार्ग स्थित कछरा नहर पुल के पास करीब डेढ़ दर्जन लोगों ने उसे रोक लिया। उन्होंने काजल के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया। काजल ने 5600 रुपये, ढोल और अन्य सामान छीन लेने का भी आरोप लगाया है। घटना की जानकारी मिलते ही अन्य साथी किन्नर मौके पर पहुंचे और घायल काजल को लेकर रानीगंज थाने गए। वहां उन्होंने पुलिस से काफी देर तक बहस की और छिनैती का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। इस मामले में थाना प्रभारी विजयकांत सत्यार्थी ने बताया कि किन्नरों के बीच इलाके को लेकर विवाद चल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया छिनैती का आरोप सही नहीं लग रहा है। शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *