![]()
मैनपुरी की नुमाइश में परिवार के साथ मेला देखने आए एक युवक को बाइक पार्किंग स्टैंड के संचालकों ने बेरहमी से पीटा। इस घटना का वीडियो सामने आया है। घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के शीतला माता मंदिर के पास बने बाइक पार्किंग स्टैंड पर हुई। इस दौरान नगला जुला निवासी सचिन चौहान अपने परिवार के साथ नुमाइश घूमने आए थे। आरोप है कि पार्किंग में 20 रुपए की निर्धारित पर्ची के बजाय 30 रुपए वसूले जा रहे थे। सचिन ने इसका विरोध किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। पीड़ित सचिन चौहान के अनुसार, वहां मौजूद अर्पित यादव, ऋषि यादव, विशाल पंडित, हर्ष, आलोक और उनके अन्य साथियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते बात मारपीट तक पहुंच गई और आरोपियों ने लाठी-डंडों से युवक को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। जब सचिन के परिवार के सदस्य उसे बचाने आए, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। वायरल वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि हमलावर युवक को पीटते हुए सड़क तक ले गए, जहां पुलिसकर्मी मौजूद थे। इसके बावजूद मारपीट जारी रही और पुलिस ने कोई हस्तक्षेप नहीं किया। इस घटना ने नुमाइश में सुरक्षा व्यवस्था के दावों की पोल खोल दी है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि पुलिस की मौजूदगी में इतनी गंभीर मारपीट कैसे हो गई, जबकि मेले में सुरक्षा को लेकर लगातार दावे किए जा रहे थे। दो दिन पहले एसपी गणेश प्रसाद साहा ने नुमाइश का निरीक्षण किया था। उन्होंने मेला प्रभारी धर्मेंद्र सिंह चौहान को सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़े निर्देश दिए थे। कहा था कि किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परिजनों के साथ हुई यह घटना मेला प्रभारी की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
Source link
नुमाइश में पार्किंग के नाम पर वसूली को लेकर विवाद:मैनपुरी में परिवार संग पहुंचे युवक को लाठी-डंडों से पीटा, पुलिस से कार्रवाई की मांग