निर्माण रोकने को लेकर दो पक्ष भिड़े:फायरिंग का आरोप, पूर्व पार्षद समेत चार पर मुकदमा


लखनऊ के मड़ियांव गांव में जमीन पर चल रहे निर्माण कार्य को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के लोगों पर निर्माण कार्य जबरन रुकवाने, मारपीट और फायरिंग का आरोप लगाया है। मामले में भारत की तहरीर पर जानकीपुरम थाने में हत्या के प्रयास, बलवा, धमकी समेत अन्य धाराओं में पांच नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। मड़ियांव गांव निवासी भारत ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 अगस्त को वह अन्य सहखातेदारों के साथ खसरा नंबर 401 पर निर्माण कार्य करा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान जानकीपुरम प्रथम के पूर्व पार्षद चांद सिद्दीकी, गुड्डू, पूर्व प्रधान नब्बू और उनके साथी मौके पर पहुंचे। सभी ने गाली-गलौज करते हुए धमकाया और निर्माण कार्य रुकवा दिया। भारत का आरोप है कि उसी रात चांद सिद्दीकी और नब्बू के कहने पर गुफरान, गुड्डू समेत तीन लोग प्लॉट पर पहुंचे और वहां लगाए गए खंभे उखाड़ने लगे। भारत के भाई संतू और गोविंद ने विरोध किया तो आरोपितों ने फायरिंग कर दी। दोनों ने किसी तरह मौके से भागकर जान बचाई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि घर के बाहर मौजूद अनस नाम के युवक ने भी उन पर हमला करने का प्रयास किया। इसके बाद भारत ने जानकीपुरम थाने में शिकायत दी। इंस्पेक्टर विनोद तिवारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वीडियो फुटेज और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *