![]()
लखनऊ की मड़ियांव पुलिस ने नकली नोटों के कारोबार में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले करीब तीन सालों से फरार था और उसके खिलाफ जाली करेंसी बनाने व बाजार में खपाने का मुकदमा दर्ज था। इस मामले में 6 आरोपियों की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है। मड़ियांव पुलिस शुक्रवार को क्षेत्र में गश्त करने के दौरान भिठौली तिराहे पर मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नकली नोट मामले में वांछित आरोपी आईआईएम तिराहे के पास दुबग्गा जाने वाली सड़क पर खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान ग्राम दरगवां, अकबरपुर कानपुर देहात निवासी सुमित यादव उर्फ मोनू (27) पुत्र सोने लाल के रूप में बताई। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ साल 2023 में मड़ियांव थाने में जाली नोट बनाने, रखने और चलाने से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर नकली करेंसी तैयार करता था और उसे बाजार में खपाता था। बदले में मिलने वाली असली रकम को गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे। इस मामले में उसके 6 साथी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा ने बताया आरोपी ट्रांसपोर्ट का काम करता है। जिसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जा रहा है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य जिलों और थानों से भी जुटाई जा रही है।
Source link
नकली नोट बनाने वाले गिरोह का फरार आरोपी गिरफ्तार:3 साल से चल रही थी तलाश, 6 आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल