![]()
कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में नकली चांदी बेचकर एक सुनार से 1.15 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने पत्नी के साथ मिलकर बच्चों की बीमारी और आर्थिक तंगी का बहाना बनाते हुए नकली पायल को असली बताकर बेच दिया। हालांकि, सुनार को शक होने पर जब जांच कराई गई तो पूरा खेल सामने आ गया। व्यापारी ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी को दोबारा दुकान बुलाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। बीमारी और गरीबी का बहाना बनाकर जीता भरोसा
पीएसी के नेताजी नगर निवासी डालूराम सोनी ने बताया कि उनकी ‘विजय ज्वैलर्स’ नाम से दुकान है। कुछ दिन पहले श्यामनगर निवासी हिमांशु गौतम अपनी पत्नी के साथ दुकान पर आया था। आरोपी ने परिवार की आर्थिक तंगी, बच्चों और पत्नी की बीमारी का हवाला देकर चांदी की पायल बेचने की बात कही। भरोसा जीतने के लिए उसने तीन अलग-अलग बार में करीब 730 ग्राम वजन की पायल बेची, जिसके एवज में सुनार ने उसे 1 लाख 10 हजार रुपये दे दिए। बाकी 5 हजार रुपए लेने के लिए आरोपी को 28 मई को बुलाया गया था। चमक और वजन पर हुआ शक, जांच में निकली नकली पायल
सुनार डालूराम सोनी को पायल की चमक और वजन पर शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने उसकी गहन जांच कराई। जांच में पता चला कि पायल पूरी तरह नकली है। इसके बाद व्यापारी ने आसपास के अन्य व्यापारियों को बुलाकर योजना बनाई और आरोपी को रुपये लेने के बहाने दुकान पर बुला लिया। दुकान पहुंचते ही उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। दिल्ली से खरीदी थी नकली पायल, पुलिस गैंग की तलाश में
पुलिस पूछताछ में आरोपी हिमांशु गौतम ने बताया कि वह दिल्ली में कपड़ों की सिलाई का काम करता है और होली के बाद कानपुर आया था। उसने मेस्टन रोड स्थित चौक की एक दुकान से करीब 3 हजार रुपये में नकली पायल खरीदी थी और उसे असली बताकर 35 हजार रुपये तक में बेचता था। आरोपी ने आर्थिक तंगी के चलते ठगी की बात कबूल की है। चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मामले में कई अहम तथ्य सामने आए हैं और इस ठगी में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
Source link
नकली चांदी बेचकर सुनार से 1.15 लाख ठगे:कानपुर में व्यापारी की सतर्कता से आरोपी पकड़ा गया, पायल बेची थी