![]()
शामली में धर्म परिवर्तन के चर्चित मामले से जुड़े युवक आयुष मलिक का कथित एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) जनरेटेड वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद और गहरा गया है। मामले में स्थानीय सभासद ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सदर कोतवाली क्षेत्र के निवासी और नगर पालिका सभासद अनिल उपाध्याय का आरोप है कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया जा रहा है, जिसे एआई तकनीक की मदद से तैयार किया गया है। वीडियो में आयुष मलिक जैसा दिखने वाला व्यक्ति भावुक अपील करता दिखाई दे रहा है। सभासद का कहना है कि यह वीडियो भ्रामक है और इससे सामाजिक एवं धार्मिक तनाव की स्थिति पैदा हो सकती है। शिकायत के अनुसार, वीडियो कथित रूप से आसिफ खान एसडीपीआई नामक फेसबुक आईडी और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रसारित किया गया। वायरल वीडियो में दिख रहा व्यक्ति खुद को आयुष मलिक बताकर लोगों से समर्थन की अपील करता नजर आता है। 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गौरतलब है कि कुछ दिन पहले आयुष मलिक के पिता ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि उनके बेटे का जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया। इस मामले में चांदनी कुरैशी, उसके पिता इस्लाम कुरैशी समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इस प्रकरण में अब तक अलग-अलग आरोपों के तहत कई मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। एक मुकदमा सोशल मीडिया पर कथित भ्रामक सामग्री प्रसारित करने को लेकर, जबकि दूसरा मुकदमा एक युवती द्वारा स्वयं को आयुष मलिक की बहन बताने संबंधी दावों को लेकर दर्ज कराया गया था। सभासद का कहना है कि एआई तकनीक से तैयार किए गए ऐसे वीडियो लोगों को गुमराह कर सकते हैं और कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित कर सकते हैं। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है। वायरल वीडियो की तकनीकी जांच कराई जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
धर्म परिवर्तन करने वाले युवक का AI वीडियो वायरल:सभासद की शिकायत पर चौथा मुकदमा, पुलिस जांच में जुटी