दो पक्षों के विवाद में युवक को लगी गोली, मौत:पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की, आरोपियों की तलाश में दबिश


हाथरस के कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के ढकपुरा गांव में कल देर शाम शराब पीने के बाद हुई फायरिंग में 30 वर्षीय युवक सोनू की हत्या के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। यह घटना हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के गांव ढकपुरा में कल देर शाम हुई थी। एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच शराब पीने के बाद झगड़ा हो गया था। विवाद बढ़ने पर एक पक्ष ने अपने कुछ साथियों को बुला लिया और फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान सोनू (30) पुत्र राम सिंह निवासी ढकपुरा अपने घर से बाहर निकल रहा था। तभी एक गोली उसके गले में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में आगरा रेफर किया गया। हालांकि, आगरा ले जाते समय रास्ते में ही सोनू ने दम तोड़ दिया। मामूली कहासुनी के बाद हुआ था झगड़ा… घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर कृष्णा, आकाश सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। सीओ सिटी हिमांशु माथुर ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और उनकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है। मृतक सोनू के भाई ने बताया कि यह झगड़ा मामूली कहासुनी के बाद हुआ था। सोनू मेहनत-मजदूरी का काम करता था। वह शादीशुदा था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *