![]()
देवरिया में डीएम मधुसूदन हुल्गी ने आईजीआरएस (एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली) के प्रकरणों के निस्तारण में लापरवाही और त्रुटिपूर्ण कार्रवाई पाए जाने पर चार अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि संबंधित अधिकारियों का स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं मिला तो उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी इन दिनों आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा कर रहे हैं। इसके साथ ही, प्रत्येक शिकायत के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ताओं से स्वयं फीडबैक भी लिया जा रहा है। समीक्षा के दौरान जिन मामलों में शिकायतकर्ता असंतुष्ट मिले या निस्तारण में त्रुटियां पाई गईं, उनमें संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जा रही है। निस्तारण के लिए कारण बताओ नोटिस जारी फीडबैक समीक्षा के आधार पर सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) भटनी को दो मामलों में, जबकि सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) बरहज, खंड विकास अधिकारी भटनी और सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) भागलपुर को एक-एक प्रकरण में त्रुटिपूर्ण निस्तारण के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। नोटिस के अनुसार, एडीओ पंचायत बरहज के खिलाफ भूमिगत नाली निर्माण संबंधी शिकायत, बीडीओ भटनी के खिलाफ प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ी शिकायत, एडीओ पंचायत भटनी के खिलाफ ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई से संबंधित दो शिकायतों तथा एडीओ पंचायत भागलपुर के खिलाफ नाली निर्माण से जुड़े मामले के निस्तारण में अनियमितता पाई गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे आईजीआरएस शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और तथ्यपरक निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Source link
देवरिया में 4 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी:आईजीआरएस शिकायतों के त्रुटिपूर्ण निस्तारण पर डीएम की कार्रवाई