![]()
देवरिया में बुलेट मोटरसाइकिल पर स्टंट करते तीन युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो सामने आने के बाद यातायात पुलिस हरकत में आ गई है और युवकों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी कर रही है। वायरल वीडियो में बुलेट मोटरसाइकिल (संख्या UP 52 AQ 0137) पर तीन युवक सवार दिख रहे हैं। चालक कभी दोनों हाथ छोड़कर बाइक चला रहा है, तो कभी पीछे बैठे युवक फिल्मी अंदाज में गोली मारने का इशारा कर रहे हैं। स्टंट के दौरान बाइक सड़क पर लहरा रही थी, जबकि आसपास से अन्य वाहन भी गुजर रहे थे। यह वीडियो देवरिया गोरखपुर रोड पर रात में बनाया गया है। जिसमें बुलेट से आगे चल रहे वाहन सवार ने शूट किया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवकों की यह हरकत न केवल उनकी जान के लिए खतरनाक थी, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा को भी जोखिम में डाल रही थी। थोड़ी सी चूक से बड़ा सड़क हादसा हो सकता था। यह वीडियो किसी राहगीर ने बनाया और सोशल मीडिया पर पोस्ट होने के बाद तेजी से वायरल हो गया। वीडियो का संज्ञान लेते हुए यातायात विभाग और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वाहन नंबर के आधार पर बाइक मालिक और चालक की पहचान की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि यह वीडियो कब और किस स्थान पर बनाया गया था। टीएसआई गुलाब सिंह ने बताया कि सार्वजनिक सड़कों पर स्टंट करना कानूनन अपराध है और इससे आम लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है। ऐसे मामलों में मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान के साथ-साथ अन्य वैधानिक कार्रवाई भी की जा सकती है। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें।
Source link
देवरिया में बुलेट पर स्टंट करते तीन युवक, VIDEO:दोनों हाथ छोड़कर बाइक चलाया, पुलिस ने शुरू की तलाश