देवरिया में चहारदीवारी गिरने से महिला की मौत:मलबे में दबे 3 मासूम घायल, पड़ोसी मकान की दीवार शेड पर गिरी


देवरिया के गौरीबाजार थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। पड़ोसी मकान की चहारदीवारी अचानक कटरेन शेड पर गिर गई, जिससे मलबे में दबकर 45 वर्षीय फूला देवी की मौत हो गई। हादसे में तीन मासूम बच्चे भी घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, सरौली थाना क्षेत्र के सिंगही (मझगांवा) गांव निवासी फूला देवी अपनी बेटी के घर गौरीबाजार क्षेत्र में चीनी मिल के समीप रह रही थीं। गुरुवार शाम करीब सात बजे वह कटरेन शेड के नीचे तीन बच्चों चोटिल (4), आदित्य (3) और वीर (करीब ढाई साल) के साथ सो रही थीं। इसी दौरान पड़ोसी मकान की चहारदीवारी अचानक भरभराकर शेड पर गिर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरीबाजार पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने फूला देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीनों घायल बच्चों का प्राथमिक इलाज किया गया। इलाज के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर होने पर उन्हें घर भेज दिया गया। परिजनों के अनुसार, फूला देवी के पति पंजाब नेशनल बैंक की कोलकाता शाखा में दफ्तरी थे। उनके निधन के बाद वह अपनी बेटी के घर रह रही थीं। घटना की सूचना मिलते ही गौरीबाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में जर्जर मकानों और चहारदीवारियों का सर्वे कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *