![]()
बाराबंकी के रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र में दुकान खाली कराने को लेकर हुए विवाद में घायल दर्जी की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान जहमतियकपुरवा मजरे गाजीपुर निवासी श्याम यादव (45) के रूप में हुई है। घटना के विरोध में शनिवार को परिजनों ने कोटवा-कोटवा धाम मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन किया, जिससे लगभग 40 मिनट तक यातायात बाधित रहा। सड़क जाम होने से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर द्विवेदी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया जा सका। श्याम यादव कुंटी गांव में किराए की दुकान पर सिलाई का काम करते थे और इसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में तीन पुत्र और दो पुत्रियां हैं। मृतक के भाई संदीप कुमार के अनुसार, यह घटना 15 अप्रैल की शाम को हुई थी। दुकान मालिक मोनू यादव अपने दो साथियों अनील और अमन के साथ दुकान पर पहुंचे और श्याम यादव पर तत्काल दुकान खाली करने का दबाव बनाने लगे।
जब श्याम यादव ने दुकान खाली करने के लिए कुछ समय की मोहलत मांगी, तो तीनों आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें दुकान से घसीटकर बाहर निकाला और बुरी तरह पीटा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से श्याम यादव को अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां शुक्रवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस ने बताया है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link
दुकान खाली कराने के विवाद में दर्जी की मौत:बाराबंकी में परिजनों ने शव रखकर सड़क जाम की, यातायात बाधित